कवर्धा, 14 मार्च (आरएनएस)। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना पिपरिया पुलिस ने गांजा लेकर बिक्री की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2.821 किलोग्राम गांजा, नगदी और मोबाइल फोन समेत कुल 1.87 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 को थाना पिपरिया को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दशरंगपुर का एक व्यक्ति काले रंग के बैग में गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में दुधिया रोड की ओर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर दुधिया रोड के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिये का एक व्यक्ति काले बैग के साथ आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम अजय गणवीर पिता अशोक गणवीर, निवासी दशरंगपुर बताया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए गवाहों की मौजूदगी में उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग में रखी दो पॉलिथीन में गांजा मिला, जिसका कुल वजन 2.821 किलोग्राम निकला। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 5 हजार 350 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से 67 हजार 150 रुपये नगद और लगभग 15 हजार रुपये कीमत का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस तरह कुल 1 लाख 87 हजार 500 रुपये का सामान पुलिस ने कब्जे में लिया। इस मामले में थाना पिपरिया में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 86/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)2(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई कर रही है। कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों का अवैध कारोबार दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
०

