जांजगीर-चांपा,15 मार्च (आरएनएस)। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम खरौद तिवारीपारा में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने और शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति बनने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम खरौद तिवारीपारा में रमाशंकर साहू अपने घर पर कुछ लोगों को एकत्र कर बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित कर रहा है। इस बात की जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद वहां मौजूद कुछ महिला एवं पुरुषों ने विवाद और हंगामा शुरू कर दिया।सूचना मिलने पर थाना शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस तथा गवाहों की उपस्थिति में संबंधित लोगों को कई बार समझाइश दी गई, लेकिन वे उत्तेजित होकर जोर-जोर से चिल्लाने लगे, जिससे गांव में भय और अशांति का माहौल बन गया। संभावित अप्रिय घटना को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।पुलिस ने येनिवेश साहू (21 वर्ष), किशन यादव (23 वर्ष), रमाशंकर साहू (47 वर्ष) निवासी खरौद और मोतीलाल रात्रे (35 वर्ष) निवासी सेमरिया थाना बिर्रा सहित दो महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की है।इन सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (क्चहृस्स्) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया तथा वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें संबंधित तहसील न्यायालय में पेश किया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव सहित थाना शिवरीनारायण के पुलिस स्टाफ – प्रधान आरक्षक तारिकेश पाण्डेय, नितिन द्विवेदी, प्रवीण साहू, महिला आरक्षक सरोजनी कटकवार और सरिता लहरे का विशेष योगदान रहा।
०००

