रायपुर,15 मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में महोबा बाजार के हनुमान मंदिर के पास रविवार को एक चाकूबाजी की वारदात सामने आई। घटना में स्थानीय निवासी एक युवक को चाकू से घायल कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी राजा यादव और उसके तीन साथी, जो कोटा इलाके में नशीली गोलियों, अवैध शराब और गांजा के व्यापार में संलिप्त हैं, घटनास्थल से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, घायल युवक ने मंदिर परिसर में शराब पीने से रोकने की कोशिश की थी। इसी बात को लेकर आरोपी और उसके साथी गुस्से में आ गए और युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान चारों आरोपी तुरंत भाग गए। घटना के समय आसपास के लोग भयभीत हो गए और कुछ ही समय में पुलिस को सूचना दी।ामानाका थाना प्रभारी सुधांशु बघेल ने बताया कि घायल युवक का इलाज अस्पताल में जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। राजधानी रायपुर में कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बावजूद चाकूबाजी और हिंसक वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। नागरिकों का कहना है कि पुलिस प्रशासन के दावे अक्सर खाली साबित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
त्रिपाठी
००००

