रायगढ़,15 मार्च (आरएनएस)। शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सिटी कोतवाली और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और चोरी गए सभी 16 आईफोन बरामद कर लिए गए हैं।जानकारी के अनुसार 9 मार्च 2026 की रात सेल स्पॉट नामक मोबाइल दुकान में चोरी की घटना हुई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक ने पुलिस को बताया कि रात में दुकान बंद कर घर जाने के बाद अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर शोकेस में रखे मोबाइल फोन गायब मिले। जांच करने पर पता चला कि चोर दूसरी मंजिल के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसा और दुकान से 16 आईफोन तथा काउंटर में रखी नकदी लेकर फरार हो गया।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम रायपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर मुख्य आरोपी आकाश चौहान (19 वर्ष) को ट्रेन में पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि उसने अपने साथियों के साथ पहले भी बोईरदादर इलाके में एक मोबाइल दुकान में चोरी की थी।पुलिस ने आरोपी आकाश चौहान के पास से चोरी के 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा (21 वर्ष) के पास से बरामद हुआ, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन और बाइक की कुल कीमत करीब 14 लाख 15 हजार रुपये है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से ऐसे मामलों का जल्द खुलासा किया जाएगा।
००

