सीहोर 16 मार्च (आरएनएस)।राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा ने सीहोर जिले के ग्राम आलमपुर पहुंचकर आगजनी की घटना में किसानों की फसलों को हुए नुकसान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों से संवाद कर घटना की जानकारी ली और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इस दौरान राजस्व मंत्री वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगजनी से प्रभावित सभी खेतों का शीघ्र सर्वे कराया जाए तथा जिन किसानों की फसल को नुकसान हुआ है, उन्हें शासन से नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्य करे। उल्लेखनीय है कि 16 मार्च को दोपहर के समय ग्राम आलमपुर में किसानों के गेहूं के खेतों में अचानक आग लग गई थी, जिससे किसानों की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा था। इस दौरान श्री पंकज गुप्ता, तहसीलदार श्री अविनाश सोनानिया सहित संबंधित अधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।

