जशपुर, 21 जून (आरएनएस)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जशपुर के वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। योग प्रशिक्षक डमरूधर स्वर्णकार एवं स्मिता जैन के मार्गदर्शन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और पूरी दुनिया इसे अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ नहीं रखता, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और जीवन में संतुलन भी प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखते हुए नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की और कहा, करें योग, रहें निरोग। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं भी विभिन्न योगासन किए तथा उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन, शवासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योग कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संकल्प लिया। जशपुर विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न और कार्यक्षमता बेहतर होती है। वहीं पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा विश्व योग को अपना रहा है और यह भारत के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम में माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शम्भू नाथ चक्रवर्ती, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. भुवनेश्वर प्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों को निरोगी जीवन, मानसिक शांति और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया गया।
बंछोर
०००

