नई दिल्ली, 21 जून(आरएनएस)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आसोला-भाटी में नीली झील किनारे सैकड़ों योग साधकों के साथ योगाभ्यास में सम्मिलित हुईं. इस वर्ष की थीम योग फॉर हेल्दी एजिंग स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवन का संदेश देती है. इस अवसर पर सांसद रामबीर सिंह बिधूड़ी, मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, विधायक करतार सिंह तंवर सहित वरिष्ठ नेता व अधिकारी उपस्थित हुए.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली के असोला भाटी माइंस वन्यजीव अभयारण्य स्थित नीली झील परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में नगर निगम स्थायी समिति के उपाध्यक्ष एवं निगम पार्षद सुंदर सिंह तंवर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया.नीली झील के मनमोहक वातावरण के बीच आयोजित इस योग कार्यक्रम ने लोगों को यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ पर्यावरण, दोनों मिलकर ही स्वस्थ समाज का निर्माण करते हैं.
प्रकृति की गोद में बसे नीली झील परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा.
योग कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने असोला भाटी माइंस वन्यजीव अभयारण्य का अवलोकन भी किया. अरावली की हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता से घिरे इस क्षेत्र में हिरण, तेंदुआ समेत कई वन्य जीव पाए जाते हैं. मुख्यमंत्री ने अभयारण्य के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन में इसकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वास्थ्य, पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण के संदेश को एक साथ जोडऩे का काम किया. उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और आने वाली पीढिय़ों को स्वस्थ एवं जागरूक बनाने का आह्वान किया.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

