0-350 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब के साथ दुर्ग निवासी आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
कांकेर, 21 जून (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना पुलिस ने आबकारी कानून के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब और एक कार जब्त की है। पुलिस ने शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर तथा पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंतागढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक चार पहिया वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कढ़ाई खोदरा में नाकाबंदी कर सफेद रंग की ऑर्टिगा कार क्रमांक सीजी 07 सीजेड 3590 को रोककर तलाशी ली। वाहन की जांच के दौरान उसमें 40 पेटियों में भरी मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने वाहन से कुल 1970 नग गोवा व्हिस्की जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 65 हजार 950 रुपये बताई गई है। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त ऑर्टिगा कार, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है, को भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल जब्ती की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक है।
मामले में आरोपी महेश सेन (28 वर्ष) निवासी सुपेला, भिलाई जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने शराब को मध्यप्रदेश के अनूपपुर क्षेत्र से लाने की जानकारी दी है। पुलिस इस संबंध में आगे जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है तथा उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में आबकारी, एनडीपीएस और अन्य आपराधिक मामलों में भी प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रहलाद यादव, उपनिरीक्षक आलोक सुबोध, सहायक उपनिरीक्षक कन्हैया मरकाम, पीएसआई नकुल पैकरा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं और सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
0

