रायगढ़,21 जून (आरएनएस)। खरसिया चौकी पुलिस ने मजदूरी कर घर लौट रहे युवक से मारपीट और लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने रास्ते में युवक को रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे और इनकार करने पर मारपीट कर उससे नकदी छीन ली थी।
पुलिस के अनुसार, रतन महका निवासी राजेश खण्डेल (27) ने 20 जून 2026 को चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 18 जून की रात करी ब 8:30 बजे वह खरसिया से मजदूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। गोपी महका स्थित पैठू तालाब के पास गांव के लल्ला उर्फ ललित राठौर और चन्द्रशेखर खण्डेल ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे।
प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उसके पास रखे 1,000 रुपये छीनकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर चौकी खरसिया में अपराध क्रमांक 306/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद आरोपियों की तलाश की और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने छीनी गई रकम में से 400 रुपये (200-200 रुपये) और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
लल्ला उर्फ ललित राठौर (32 वर्ष), निवासी गोपी महका, चौकी खरसिया, जिला रायगढ़।
चन्द्रशेखर खण्डेल (31 वर्ष), निवासी रतन महका, चौकी खरसिया, जिला रायगढ़।
जब्त सामग्री
नगदी 400 रुपये
घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण बांधव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

