रायपुर,21 जून (आरएनएस)। पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12.79 लाख रुपये के गांजा तस्करी प्रकरण में दो आरोपियों को दबोचा
रायपुर, 21 जून। नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत दर्ज गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में रायपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ), एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने दो महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 8 मई 2026 को भाठागांव-खुड़मुड़ा रोड पर नाकेबंदी के दौरान सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार में अवैध रूप से गांजा परिवहन किया जा रहा है। पुलिस द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक कार को तेज गति से भगाते हुए आगे ले गया। कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
वाहन की तलाशी लेने पर कार की डिक्की से दो प्लास्टिक बोरियों में पैक 21.173 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, दस्तावेज और 5 लीटर डीजल बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा, कार और अन्य सामग्री समेत कुल 12.79 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर थाना पुरानी बस्ती में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों का विश्लेषण किया। लगातार निगरानी और सूचना संकलन के बाद पुलिस ने आरोपी शिवम सोनी और काजल साहू को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शिवम सोनी पहले से ही एक अन्य गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहा था। थाना न्यू राजेंद्र नगर में दर्ज एक मामले में फरवरी 2026 में 20.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था, जिसमें उसका साथी गिरफ्तार हुआ था, जबकि शिवम पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। उस प्रकरण में भी उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी:
शिवम सोनी (24 वर्ष), मूल निवासी कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी अश्वनी नगर, रायपुर।
काजल साहू (28 वर्ष), वर्तमान निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नया रायपुर।
जब्त सामग्री:
21.173 किलोग्राम गांजा
स्विफ्ट कार
दो मोबाइल फोन
5 लीटर डीजल
कुल कीमत लगभग 12.79 लाख रुपये।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

