कोरबा, 21 जून (आरएनएस)। कोरबा पुलिस ने सजग कोरबा-सतर्क कोरबा अभियान के तहत चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए आभूषण और करीब 7 लाख रुपये कीमत का टाटा मैजिक वाहन बरामद कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पहले मामले में थाना उरगा क्षेत्र की रहने वाली संतोषी साहू ने 6 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर नगदी, आभूषण और अन्य सामान चोरी कर ले गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर युवराज कुमार कंवर (19 वर्ष) निवासी ग्राम लालमाटी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 7.50 तोला चांदी का हाफ करधन सहित अन्य सामान बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 16 हजार रुपये बताई गई है।
दूसरे मामले में 20 जून को एक प्रार्थी ने अपनी टाटा मैजिक वाहन (क्रमांक सीजी 12 बीटी 2852) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर करन भारद्वाज (20 वर्ष) निवासी नोन्दीरी, थाना करतला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से चोरी की गई करीब 7 लाख रुपये कीमत की टाटा मैजिक बरामद कर ली गई। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
थाना उरगा पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की संपत्ति बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोरबा पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
०



