जांजगीर-चांपा, 21 जून (आरएनएस)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल के कथित सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े संदिग्ध संपर्कों, व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन के दौरान यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष), निवासी पट्टी, जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना अकलतरा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में किरायेदारों के सत्यापन के दौरान सेवक सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पूछताछ के दौरान उसके जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के कथित प्रमाण मिलने का दावा किया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का दावा है कि आरोपी पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान स्थित ढ्ढस्ढ्ढ समर्थित नेटवर्क के संपर्क में था और व्हाट्सएप, टेलीग्राम तथा इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए संवाद करता था। जांच एजेंसियों को यह भी संदेह है कि आरोपी ने छत्तीसगढ़ के संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण व्यक्तियों, वाहनों के नंबर और फोटो-वीडियो जैसी जानकारियां साझा की थीं।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार डिजिटल साक्ष्यों की विस्तृत जांच के बाद ही सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस का यह भी दावा है कि जांच में यह जानकारी सामने आई है कि आरोपी को ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराने की योजना थी और हथियार मिलने के बाद उसे पाकिस्तान स्थित संचालकों द्वारा दिए गए लक्ष्यों पर हमला करने अथवा टारगेट किलिंग जैसे कार्य सौंपे जा सकते थे। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन तथ्यों की पुष्टि विस्तृत विवेचना और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही होगी।
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में संभावित सहयोगियों, विदेशी संपर्कों और पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए पुलिस तथा सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से गहन जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि विवेचना आगे बढऩे के साथ इस मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

