दुर्ग, 21 जून (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस ने सूने मकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार वैशाली नगर थाना क्षेत्र के केम्प-01 स्टील नगर निवासी बी. धनराजू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 से 10 जून 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का मुख्य दरवाजा और आलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही सन्नी यादव चोरी के आभूषण बेचने की फिराक में इंदिरा चौक के पास घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड, एक जोड़ी सोने के टॉप्स और एक सोने की अंगूठी बरामद की। बरामद मशरूका की कुल कीमत 39,900 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सन्नी यादव (20 वर्ष) निवासी अटल आवास, जवाहर नगर, वैशाली नगर, भिलाई के रूप में हुई है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि घर लंबे समय तक सूना छोडऩा हो तो इसकी सूचना पड़ोसियों और स्थानीय पुलिस को अवश्य दें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

