दुर्ग, 21 जून (आरएनएस)। 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन दुर्ग स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाएं भी कराई गईं। योग प्रशिक्षकों ने योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, तनाव नियंत्रण तथा कार्यक्षमता में वृद्धि के महत्व पर प्रकाश डाला।
योग शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि योग तनाव प्रबंधन, शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती का प्रभावी माध्यम है, जो पुलिस जैसे चुनौतीपूर्ण कार्यक्षेत्र में कार्यरत कर्मियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
पुलिस लाइन दुर्ग में आयोजित इस योग शिविर के सफल संचालन में पुलिस लाइन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। योगाभ्यास का संचालन उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) एवं पुलिस लाइन स्टाफ द्वारा किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से भी स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए नियमित योग एवं व्यायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

