0 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बलौदाबाजार में किया योगाभ्यास, युवाओं से योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान
रायपुर/बलौदाबाजार, 21 जून (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल रविवार को बलौदाबाजार में आयोजित विशेष योग शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों और युवाओं के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज पूरे विश्व में भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र द्वारा योग दिवस को मान्यता मिली और आज दुनिया के 177 देशों में इसे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो मानव जीवन, प्रकृति और ब्रह्मांड के बीच संतुलन स्थापित करने का मार्ग दिखाता है।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान दौर में युवा वर्ग फास्ट फूड और कृत्रिम जीवनशैली की ओर तेजी से आकर्षित हो रहा है, जिससे शारीरिक और मानसिक समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि केवल शरीर को मजबूत बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मन, बुद्धि, शरीर और आत्मा का समग्र विकास आवश्यक है। जब तक इन चारों का संतुलित विकास नहीं होगा, तब तक व्यक्ति पूर्ण रूप से स्वस्थ और संतुष्ट नहीं रह सकता।

उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और बेहतर कार्यक्षमता प्रदान करता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि लगभग 25 वर्ष पूर्व उन्होंने हरिद्वार में योग प्रशिक्षण प्राप्त किया था और उसी का परिणाम है कि आज भी निरंतर सक्रिय रहने के बावजूद उन्हें थकान महसूस नहीं होती।

योग शिविर के दौरान सांसद ने बलौदाबाजार के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने जिला प्रशासन को योग स्थल के सामने सघन वृक्षारोपण कराने तथा पूर्व में प्रस्तावित नाले के सौंदर्यीकरण कार्य को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से क्षेत्र को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभी शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और युवाओं से योग को नियमित जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग न केवल स्वास्थ्य प्रदान करता है, बल्कि मानसिक तनाव दूर कर कार्यक्षमता में भी वृद्धि करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया।
0

