0-1 किलो 90 ग्राम गांजा बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार, 21 जून (आरएनएस)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम डमरू में दुकान की आड़ में गांजा बेच रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 90 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डमरू निवासी चंद्रकुमार पैकरा अपनी दुकान में गांजा रखकर ग्राहकों को बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम डमरू पहुंचकर दुकान की घेराबंदी की और दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर के नीचे छिपाकर रखी गई सफेद प्लास्टिक की झिल्ली से अवैध गांजा बरामद किया गया। मौके पर तौल कराने पर गांजे का वजन 1 किलो 90 ग्राम पाया गया। पुलिस ने आरोपी चंद्रकुमार पैकरा (30 वर्ष) निवासी ग्राम डमरू को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद गांजा जब्त कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। नशे के कारोबारियों और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

