0 एसपी सूरज सिंह परिहार ने दिया स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन का संदेश
धमतरी, 21 जून (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस द्वारा रक्षित केंद्र धमतरी में भव्य योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या कु. रूची साहू ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, ध्यान एवं श्वसन संबंधी अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान योग के वैज्ञानिक, स्वास्थ्यवर्धक और मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित तथा सकारात्मक बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उल्लेखनीय है कि पुलिस लाइन रूद्री में पिछले एक वर्ष के दौरान यह दसवां योग जागरूकता एवं अभ्यास प्रशिक्षण शिविर था, जबकि सूजय मंडल एवं रूची साहू द्वारा संचालित यह चौथा विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन और आत्मा को संतुलित रखने का भी प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते मानसिक तनाव और अवसाद जैसी समस्याओं के बीच योग की महत्ता और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट अनुलोम-विलोम करने की अपील करते हुए करो योग, रहो निरोग का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक मीना साहू, उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
योग शिविर के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग अपनाएं – स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मकता को जीवन में लाएं
फिट पुलिस – सुरक्षित समाज
0

