रायगढ़, 21 जून (आरएनएस)। रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर नाबालिग बालिका के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो साझा करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी को पकडऩे में सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर बाल अपचारी को किशोर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को चक्रधरनगर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री के आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम पर अपलोड और प्रसारित किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अज्ञात इंस्टाग्राम यूजर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 तथा आईटी एक्ट एवं पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में साइबर थाना टीम ने तकनीकी जांच के माध्यम से संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट संचालक की पहचान की। जांच में पता चला कि उक्त अकाउंट एक 17 वर्षीय विधि के साथ संघर्षरत बालक द्वारा संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने 19 जून को बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने नाबालिग बालिका तथा अन्य युवाओं से इंस्टाग्राम पर दोस्ती करना और बालिका के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो विभिन्न चैट ग्रुपों में साझा करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसके कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया।
प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई करते हुए बाल अपचारी को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है।
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह तथा साइबर टीम के अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखें और उन्हें सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को अनजान लोगों से ऑनलाइन मित्रता करने, निजी फोटो-वीडियो साझा करने और व्यक्तिगत जानकारी देने से बचने की सीख देना आवश्यक है। सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर बच्चों की निजता और सम्मान को प्रभावित करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करती रहेगी।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

