जगदलपुर/नगरनार 18 मार्च (आरएनएस)बस्तर में 73 किलो गांजा तस्करी के बड़े मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल करते हुए नेटवर्क के मुख्य खरीदार को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। महीनों से फरार चल रहा आरोपी आखिरकार पुलिस की पकड़ में आ गया, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी के पूरे रैकेट की परतें खुलने लगी हैं।
नगरनार थाना क्षेत्र में अक्टूबर 2025 में पकड़े गए गांजा तस्करी के मामले की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ था कि मध्यप्रदेश के आरोपी मुराद साह को उड़ीसा से गांजा लाने के लिए राजस्थान के कोटा निवासी मोहम्मद नावेद उर्फ नाजिम ने पैसे और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए भेजा था। इस मामले में पुलिस पहले ही 73.080 किलोग्राम गांजा, ट्रक और अन्य सामग्री सहित 17 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त कर चुकी थी।
मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और विस्तृत जानकारी के आधार पर कोटा, राजस्थान में दबिश दी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने तस्करी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली, जिसके बाद 17 मार्च 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग व नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी संतोष सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस को उम्मीद है कि अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क के और भी अहम लिंक सामने आएंगे। यह कार्रवाई साफ संकेत है कि मादक पदार्थों के खिलाफ बस्तर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

