कतर ,19 मार्च । फारस की खाड़ी क्षेत्र में ऊर्जा सुविधाओं पर बढ़ते हमलों के बीच कतर के रस लाफान इंडस्ट्रियल सिटी को भारी नुकसान पहुंचा है। यह शहर दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस (एलएनजी) निर्यात केंद्र का घर है, जो इस महीने की शुरुआत में उत्पादन रुकने से पहले वैश्विक आपूर्ति का लगभग 20त्न हिस्सा उपलब्ध कराता था।
कतर के अधिकारियों ने बुधवार देर रात बताया कि चार मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक लिया गया, लेकिन पांचवीं मिसाइल रस लाफान में जा गिरी। हालांकि, हमले से पहले ही प्लांट को खाली करा लिया गया था और सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। कतर एनर्जी के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है।
कतर के विदेश मंत्रालय ने इस हमले को खतरनाक बढ़ोतरी और देश की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया है। इसके जवाब में कतर ने ईरान के सैन्य और सुरक्षा अटैची सहित संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर देश छोडऩे का आदेश दिया है।
इससे पहले, अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद क्षेत्र में टैंकर यातायात बाधित हो गया था, जिससे रस लाफान दुनिया से लगभग कट गया था। इसी महीने एक ड्रोन हमले के बाद उत्पादन रोकना पड़ा और कतर एनर्जी ने ‘फोर्स मेज्योरÓ घोषित कर दिया, जिससे वैश्विक एलएनजी बाजार में अस्थिरता बढ़ गई।
एशिया और यूरोप पर इसका सबसे अधिक प्रभाव पड़ रहा है, क्योंकि ये क्षेत्र बिजली उत्पादन के लिए आयातित गैस पर निर्भर हैं। नए हमलों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि समुद्री मार्ग खुलने के बाद भी आपूर्ति सामान्य होने में कितना समय लगेगा।
इसी बीच, अबू धाबी ने भी एहतियात के तौर पर अपना हबशान गैस प्लांट बंद कर दिया, क्योंकि हमलों के मलबे से वहां नुकसान पहुंचा। गुरुवार सुबह रस लाफान पर एक और हमला हुआ, जिससे फिर आग लग गई। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में इजरायल ने ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमला किया था, जिसके बाद कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उछाल देखा गया। ईरान ने चेतावनी दी है कि कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के ऊर्जा ठिकाने भी संभावित निशाने पर हैं।
ऊर्जा विश्लेषक टॉम मार्जेक-मैंसर के अनुसार, रस लाफान पर हमला वैश्विक गैस बाजार के लिए सबसे बड़ा जोखिम था। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि औद्योगिक परिसर का कौन-सा हिस्सा सबसे अधिक प्रभावित हुआ है, लेकिन बाजार पर असर तय है।
हमले के बाद ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी आई और यह 8त्न तक बढ़कर 111.90 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। अबू धाबी अधिकारियों ने बताया कि हबशान प्लांट में कोई हताहत नहीं हुआ। यह दुनिया के सबसे बड़े ऑनशोर गैस प्रोसेसिंग संयंत्रों में से एक है, जिसकी दैनिक उत्पादन क्षमता 60 अरब घन फुट से अधिक है।
वहीं, सऊदी अरब ने भी अपने पूर्वी क्षेत्र में एक गैस सुविधा को निशाना बनाने वाले ड्रोन हमले को नाकाम करने का दावा किया है। एक अन्य घटना में दक्षिण रियाद रिफाइनरी के पास बैलिस्टिक मिसाइल का मलबा गिरा। रस लाफान इंडस्ट्रियल सिटी लगभग 295 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला है और यहां एलएनजी प्रोसेसिंग के अलावा गैस-टू-लिक्विड प्लांट, स्टोरेज सुविधाएं, कंडेंसेट स्प्लिटर और तेल रिफाइनरी भी स्थित हैं।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

