मस्कट,11 जून। ईरान के नियंत्रण वाले होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के तट पर अमेरिकी हमले में जिस एमटी सेट्टेबेलो तेल टैंकर में आग लगी थी, उसमें 3 भारतीयों की मौत हो गई है। टैंकर में 24 भारतीय सवार थे, जिसमें 21 को बचा लिया गया था, लेकिन 3 गायब बताए जा रहे थे। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सरबानंदा सोनोवाल ने गुरुवार को पुष्टि की कि 3 भारतीय नाविकों की मौत हो गई है।
सोनोवाल ने गुरुवार को कहा, पालाऊ ध्वज वाले जहाज एमटी सेट्टेबेलो पर हुई दुखद घटना के बारे में जानकर बेहद खेद हुआ। दुख की बात है कि शुरू में लापता बताए गए 3 भारतीय नाविकों के 2 शव बरामद होने के बाद अब उनकी मौत की पुष्टि हो गई है। उन्होंने अधिकारियों को बचाए गए चालक दल के सदस्यों की तत्काल स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने और मृतकों के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए वापस लाने को कहा है।
अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने एक बयान में ओमान तट पर लगातार 2 तेल टैंकर पर नाकाबंदी का उल्लंघन करने पर हमला किया था। सेना ने कहा कि यूएसएस अब्राहम लिंकन (सीवीएन 72) के एक एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट ने पलाऊ ध्वज वाले एमटी मारिवेक्स और एमटी सेट्टेबेलो के इंजन कक्ष पर सटीक हमला किया था। सेना ने बताया कि जहाज अमेरिकी चेतावनियों का लगातार उल्लंघन कर रहे थे।
भारत ने ओमान तट पर वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी हमले को लेकर विरोध जताया है। विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (अमेरिका) नागराज नायडू ने पिछले दिनों अमेरिकी उपमिशन प्रमुख अमेरिकी चार्ज डीअफेयर्स जेसन मीक्स को तलब किया था। उन्होंने अमेरिकी अधिकारी के सामने हमले का कड़ा विरोध किया और जहाजों पर सवार भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर नई दिल्ली की चिंताओं से अवगत कराया।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

