इस्लामाबाद,10 जून। पाकिस्तान की सेना का एक एमआई -17 हेलिकॉप्टर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के मुजफ्फराबाद में उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे का कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। पाकिस्तानी सेना के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने बताया कि हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा है। हेलीकॉप्टर हादसे में 11 से 21 लोगों के मारे जाने की खबर है। हादसे के सटीक कारणों की जांच के लिए बोर्ज का गठन किया गया है।
पीओके में यह हादसा तब हुआ, जब प्रतिबंधित गठबंधन, संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी का विरोध-प्रदर्शन और हड़ताल जारी है। हालांकि, हादसे और विरोध के बीच कोई संबंध का संकेत सेना ने नहीं दिया है।
सूत्रों ने बतााय कि बुधवार को हेलीकॉप्टर हैलीपैड से उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इससे पहले उसमें आग लगी थी। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने हादसे पर शोक जताया है।
पाकिस्तान में पहले भी ऐसे भीषण हेलीकॉप्टर हादसे हो चुके हैं। सितंबर 2025 में गिलगित-बाल्टिस्तान के दियामेर जिले में एक सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना में 5 कर्मियों की मौत हुई थी। उससे पहले, अगस्त 2025 में, खैबर पख्तूनख्वा सरकार का एक बचाव हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण मोहम्मद जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 5 लोग मारे गए थे। अगस्त 2022 में बलूचिस्तान में हेलीकॉप्टर हादसे में 2 मेजर सहित 6 सेना अधिकारी मारे गए थे।
एमआई-17 एक रूसी निर्मित मध्यम-लिफ्ट परिवहन हेलीकॉप्टर है। यह मिल मॉस्को हेलीकॉप्टर प्लांट द्वारा एमआई -8 का उन्नत संस्करण है। हेलिकॉप्टर 30 सैनिकों और 4,000 किलोग्राम कार्गो को ले जा सकता है और बाहरी स्लिंग की मदद से 3 टन तक का भार उठा सकता है।
००

