चांपा, 10 जून (आरएनएस)। थाना चांपा पुलिस ने शराब पीने के लिए एक दुकानदार से जबरन पैसे मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकडऩे में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, शंकर नगर चांपा निवासी दुकानदार दीपक देवांगन ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 जून की रात करीब 10:30 बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहा था। घर के पास पहुंचने पर शंकर नगर निवासी शंकर दास महंत उर्फ बिल्ला और उसके साथी तुषार बरेठ उर्फ तुस्सु ने उसे रास्ते में रोक लिया।
आरोपियों ने दीपक से कहा कि उसकी दुकान अच्छी चलती है और उन्हें शराब पीने के लिए पैसे चाहिए। जब दीपक ने पैसे देने से मना किया तो दोनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ मारपीट कर दी।
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 जून को दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शंकर दास उर्फ बिल्ला महंत (27 वर्ष) तथा तुषार बरेठ उर्फ तुस्सु (19 वर्ष), दोनों निवासी शंकर नगर, चांपा शामिल हैं।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल दिवाकर, आरक्षक वीरेश सिंह एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में रंगदारी, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

