रायपुर, 10 जून (आरएनएस)। रायपुर पुलिस के सेंट्रल जोन अंतर्गत थाना गंज पुलिस ने वाहन चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दो हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पहला मामला 14 मार्च 2026 का है, जब राधेश्याम टंडन ने अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (सीजी 04 पीक्यू 9729) को झूलेलाल चौक स्थित राजेश इंटरप्राइजेज के सामने खड़ी किया था। कुछ देर बाद लौटने पर वाहन गायब मिला। वहीं दूसरा मामला 26 मई 2026 का है, जब दीपक यादव ने अपनी मोटरसाइकिल (सीजी 04 एनएन 6576) को तेलघानी नाका चौक स्थित शराब दुकान के सामने खड़ा किया था, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया।
दोनों मामलों में थाना गंज में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने पवन बाग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने दोनों वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन बाग (28 वर्ष) निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, कोटा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। थाना गंज पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और अभियान जारी रहेगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

