राजनांदगांव, 19 मार्च (आरएनएस)। गांव में एक ही रात में दुकान और ट्रैक्टर को निशाना बनाकर चोरी करने वाले शातिर चोर को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर आरोपी को पकड़ लिया और चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया।
मामला ग्राम रूदगांव साकरीपार का है, जहां 29 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोर ने मौसमी निषाद की दुकान से करीब 25 हजार रुपये नगद पार कर दिए। यही नहीं, उसी रात गांव के जीतेश्वर साहू के ट्रैक्टर से एक्साइड कंपनी की बैटरी और हाइड्रोलिक पट्टी भी चोरी कर ली गई, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया था।
शिकायत दर्ज होने के बाद थाना डोंगरगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम ने घटनास्थल का विश्लेषण कर संदिग्धों पर नजर रखी। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर संदेही रेवाराम निषाद को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने ही दुकान और ट्रैक्टर को निशाना बनाकर चोरी की थी। पुलिस ने उसके कब्जे से ट्रैक्टर की बैटरी और हाइड्रोलिक पट्टी बरामद कर ली, जबकि चोरी की नगदी रकम आरोपी द्वारा खर्च कर दी गई।
गिरफ्तार आरोपी रेवाराम निषाद (27 वर्ष) ग्राम साकरीपार रूदगांव का ही निवासी है, जिसने आसान पैसे के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम की सतर्कता और तेजी निर्णायक साबित हुई, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
0

