रायपुर, 19 मार्च (आरएनएस)। राजधानी में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में शराब परिवहन करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी मोपेड में बोरी के भीतर शराब छिपाकर ले जा रहा था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उसकी चालाकी ज्यादा देर नहीं टिक सकी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि भनपुरी से मेटल पार्क रावांभाठा की ओर एक युवक अवैध रूप से शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के निर्देश पर खमतराई थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। आर्य इस्पात प्राइवेट लिमिटेड रोड के पास पुलिस ने संदिग्ध को चिन्हित कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूर्यप्रकाश मरकाम (26 वर्ष) निवासी बिलासपुर बताया, जो वर्तमान में रायपुर के मोहाडीह क्षेत्र में रह रहा था। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो सफेद और रंगीन प्लास्टिक की बोरियों में भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। आरोपी के पास से 81 पौवा देशी शराब और 39 पौवा गोल्डन गोवा सुपीरियर व्हिस्की सहित कुल 21.600 बल्क लीटर शराब जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी से शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से शराब के साथ घटना में प्रयुक्त टीवीएस जूपिटर मोपेड भी जप्त कर लिया। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 52,780 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
0

