भोपाल 20 मार्च (आरएनएस)। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध कथावाचक मोहित नागर ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। आगर मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा के रहने वाले मोहित नागर एक प्रसिद्ध कथावाचक हैं। वो संगीतमय भागवत कथा और रामकथा का वाचन करते हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कथावाचक मोहित नागर को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इसके बाद दोनों ने एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित किया। इस दौरान जीतू पटवारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य बेरोजगारी, लाडली बहना योजना, बिजली सप्लाई समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिजली गुल हो गई जिस पर जीतू पटवारी ने कहा कि ये हाल हैं, जब देखो बिजली गुल हो जाती है और कहते हैं कि हम 24 घंटे बिजली देंगे। जीतू पटवारी ने कहा कि बिजली दें न दें, बिजली के बड़े-बड़े बिल जरूर दे रहे हैं। लाडली बहनों को 1500 रुपये योजना के देते हैं और घर का बिजली बिल 3000 रुपये भेज देते हैं।

