भोपाल 20 मार्च (आरएनएस)।महापौर मालती राय के जम्मू से आए विद्यार्थियों के दल ने सौजन्य भेंट की और नगर निगम, भोपाल द्वारा शहर के विकास एवं जनसुविधा हेतु किए जा रहे कार्यों/गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। महापौर राय ने विद्यार्थियों के दल को शुभकामनाएं दी और भोपाल की नैसर्गिक सुंदरता को देखने तथा बड़ी झील में शिकारा नाव का आनन्द लेने को भी कहा।
महापौर मालती राय से शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के विद्यार्थियों के दल ने महापौर निवास पर सौजन्य भेंट की। भारत दर्शन टूर के तहत 05 दिवसीय भोपाल प्रवास पर आए 20 विद्यार्थियों ने महापौर राय से मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के विकास एवं जनसुविधा हेतु नगर निगम, भोपाल के माध्यम से किए जा रहे कार्यों/गतिविधियों के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की। चर्चा के दौरान महापौर राय ने नगर निगम, भोपाल की विकास एवं जनसुविधा संबंधी गतिविधियों के साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता की गतिविधियों की भी जानकारी दी। महापौर राय ने विद्यार्थियों के दल को उनकी यात्रा के उद्देश्य में सफलता की शुभकामनाएं दी और भोपाल शहर को प्रकृति द्वारा दी गई नैसर्गिक सुंदरता को निहारने तथा ऐतिहासिक बड़ी झील में शिकारा बोट पर नौका विहार का आनन्द लेने को भी कहा। इस अवसर पर सी.आर.पी.एफ के अधिकारीगण भी मौजूद थे।

