भोपाल 20 मार्च (आरएनएस)।भोपाल के सांसद, इन दिनों असम विधानसभा चुनाव में पार्टी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उन्होंने काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत गोलाघाट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल आमसभा और भव्य रोड शो में भाग लिया। उनके दौरे से कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा की लोकप्रिय प्रत्याशी अजंता नेओग ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, मातृशक्ति और समर्थक मौजूद रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भाजपा के समर्थन में रंगा नजर आया।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों तथा नरेंद्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में देश के साथ-साथ असम में भी अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में बुनियादी ढांचे, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति देखने को मिली है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य भाजपा ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया है। यही कारण है कि आज जनता का विश्वास पार्टी के प्रति लगातार मजबूत होता जा रहा है। सांसद आलोक शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दें तथा पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने में जुट जाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से पार्टी एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल करेगी। इस दौरान कामाख्या प्रसाद तासा, प्रद्युत बोरदोलोई सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।

