छतरपुर 23 मार्च (आरएनएस)। आगामी 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव है। इस बार महोत्सव को लेकर बागेश्वर धाम में अभी से उत्साह का माहौल बनना शुरू हो गया है। धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने देश ही नहीं देश के बाहर के भी श्रद्धालुओं को इस पावन अवसर पर शामिल होने के लिए विशेष आमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव के दिन धाम में भव्य आयोजन, पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस बार एक साथ 21हजार लोग महा आरती में शामिल होंगे।
इसी बीच पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह अपनी बहिन मृणालनी सिंह के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बालाजी महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बागेश्वर महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी लिया। जयवर्धन सिंह ने कहा कि बागेश्वर धाम आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति की अनुभूति होती है। उल्लेखनीय है कि हनुमान जन्मोत्सव जैसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। वहीं बागेश्वर महाराज ने चल रही अपनी नौ दिवसीय साधना के बीच बाहर निकलकर सभी श्रद्धालुओं क आशीर्वाद देते हुए उनसे अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आगामी 2 अप्रैल के श्री हनुमान जन्मोत्सव के कार्यक्रम में शामिल होकर इस धार्मिक उत्सव को सफल बनाएं। धाम में तैयारियां जोरों पर हैं और देशभर से श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है, जिससे हनुमान जन्मोत्सव इस वर्ष और भी भव्य होने वाला है।

