जगदलपुर 24 मार्च 2026(आरएनएस) बस का इंतजार कर रहे दो संदिग्धों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि अगला पल उनकी गिरफ्तारी का होगा। बोधघाट पुलिस ने सटीक मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये के गांजे के साथ दोनों आरोपियों को दबोच लिया, जिससे नशे के नेटवर्क पर एक बड़ा वार हुआ है।
बस्तर जिले के जगदलपुर में थाना बोधघाट पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। नया बस स्टैंड के पीछे घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो अवैध गांजा लेकर बस के जरिए उसे सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 10.36 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 5 लाख 18 हजार रुपये बताई जा रही है।
23 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति नीले पिट्ठू बैग में गांजा लेकर बस स्टैंड के पीछे खड़े हैं और परिवहन की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मोहम्मद नासिर (40), निवासी दिल्ली और मुकेश कुमार (26), निवासी जोधपुर राजस्थान बताया। तलाशी के दौरान बैग में सेलो टेप से पैक तीन पैकेट में कुल 10.36 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिसके बाद उनके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने साफ किया है कि बस्तर में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

