कांकेर 21 मार्च 2026(आरएनएस) लालच और चालाकी का खतरनाक खेल सामने आया है, जहां नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसी के घर से लाखों का माल साफ करा लिया गया। करीब 10 लाख रुपये के सोना-चांदी और नगदी की चोरी का राज तब खुला, जब घर का लॉकर खाली मिला। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना सिटी कोतवाली कांकेर क्षेत्र में 23 मार्च को दर्ज शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 107/26 के तहत धारा 112(2), 303(2) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता ने बताया कि उसके नाबालिग बेटे को मोहल्ले के युवकों ने अपने प्रभाव में लेकर घर से जेवरात और नगदी चोरी करवाई।
जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले दो महीनों से नाबालिग को अपने साथ घुमाने-फिराने और खर्च देने का लालच देकर अपने जाल में फंसा रहे थे। इसके बाद बच्चे से घर के लॉकर से बार-बार सोना-चांदी और नगदी निकलवाते रहे। ईद के समय जब परिवार ने लॉकर चेक किया, तो पूरा मामला उजागर हुआ।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अजीम खान (21 वर्ष), निवासी शीतलापारा कांकेर, फैजल खान (25 वर्ष), निवासी शीतलापारा कांकेर और मदनी मेमन (20 वर्ष), निवासी महादेव वार्ड कांकेर शामिल हैं। आरोपी फैजल खान के खिलाफ पहले भी मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से नगदी, मोबाइल फोन और चांदी का सामान बरामद किया है। चोरी गए सामान में सोने के जेवर, मंगलसूत्र, अंगूठियां, पायल सहित करीब एक लाख रुपये नगद शामिल थे। कुल नुकसान का अनुमान लगभग 10 लाख रुपये है।
यह घटना साफ करती है कि अपराधी अब नाबालिगों को भी अपने जाल में फंसा रहे हैं। कांकेर पुलिस ने सख्त संदेश दिया है कि ऐसे गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। समाज की सतर्कता ही ऐसे अपराधों पर लगाम लगा सकती है।

