बलौदाबाजार, 30 जून (आरएनएस)। थाना सुहेला क्षेत्र के ग्राम रानीजरौद और टेकारी के बीच मंगलवार को दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा दोनों घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 भाटापारा ग्रामीण (वाहन बाज-01) की टीम सुबह करीब 11:30 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम में आरक्षक महेंद्र साहू और चालक मुकेश रजक शामिल थे। इसी दौरान थाना सुहेला (वाहन बाज-01) के आरक्षक छत्रपाल वर्मा भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गए।
पुलिस टीम ने घायल उमेश यादव, निवासी टेकरी, को तत्काल उप/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुहेला पहुंचाकर भर्ती कराया। वहीं दूसरे घायल की हालत गंभीर होने पर उसे 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर किया गया।
डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से दोनों घायलों को समय पर उपचार मिल सका। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें, हेलमेट अवश्य पहनें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
0

