0-29 छात्रों को 5-5 हजार के प्रोत्साहन चेक; स्कूल विकास के लिए 1.69 करोड़ की सौगात
रायपुर, 30 जून (आरएनएस)। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक और पहल करते हुए पंडित रामदयाल तिवारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव के दौरान 10वीं और 12वीं कक्षा के 29 मेधावी विद्यार्थियों को 5-5 हजार के प्रोत्साहन चेक वितरित किए गए। साथ ही विद्यालय के विकास के लिए 1.69 करोड़ के विभिन्न कार्यों की स्वीकृति भी दी गई।

कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने बताया कि विद्यालय में 1.50 करोड़ की लागत से अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जाएगा, जबकि 19 लाख की लागत से खेल मैदान का विकास किया जाएगा। इन कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
राजेश मूणत ने कहा कि शिक्षा केवल प्रमाणपत्र हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का सम्मान है तथा प्रोत्साहन राशि उनके सपनों के प्रति समाज के विश्वास का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले रायपुर पश्चिम के शासकीय महोबा बाजार उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 22 तथा मायाराम सुरजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 35 मेधावी विद्यार्थियों को भी 5-5 हजार के प्रोत्साहन चेक दिए जा चुके हैं। वहीं, माध्यमिक शिक्षा मंडल की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाली छात्रा युक्ता मुखी साहू को स्कूटी देकर सम्मानित किया गया है।

विधायक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की शेष सात शालाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी जल्द प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसी क्रम में 3 जुलाई को पंडित गिरजाशंकर विद्यालय में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रायपुर पश्चिम में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, खेल सुविधाओं का विस्तार और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन जैसी पहलें शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उनका संकल्प है कि क्षेत्र का कोई भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे।
0

