मुंगेली, 30 जून (आरएनएस)। मुंगेली पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई करते हुए थाना पथरिया क्षेत्र के ग्राम जरेली में हुए मोटर पंप चोरी के मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया मोटर पंप, केबल वायर और प्लास्टिक पाइप बरामद कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना पथरिया पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, रोहराकला निवासी शत्रुहन प्रसाद साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम जरेली के नलकूप मोहल्ले में पेयजल व्यवस्था के लिए लगाए गए बोर पंप से करीब 130 फीट केबल वायर, 13 प्लास्टिक पाइप और एक एचपी मोटर पंप चोरी हो गया है। चोरी गए सामान की कीमत करीब 14 हजार रुपये आंकी गई थी। इस मामले में थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 166/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक मोटर पंप और केबल वायर बेचने के लिए घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम जरेली निवासी योगेश साहू (21 वर्ष) और निखिल सिगरौल (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया एक एचपी मोटर पंप, केबल वायर और 12 प्लास्टिक पाइप बरामद कर जब्त कर लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दोनों के खिलाफ थाना पथरिया में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरजाशंकर यादव, प्रधान आरक्षक वीरभद्र सिंह तथा आरक्षक हलीश गेंदले, स्वारथ ध्रुव और राजतिलक बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
0

