बिलासपुर, 30 जून (आरएनएस)। बिलासपुर जिले की हिर्री पुलिस ने कोयला हेराफेरी के मामले में करीब एक माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(3), 317(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, रतनपुर थाना क्षेत्र के खण्डोवा मंदिर के पीछे निवासी रिजवान खान (25 वर्ष) को 30 जून को गिरफ्तार किया गया। वह घटना के बाद से लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
मामले में प्रार्थी आशीष केशरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोयला परिवहन एवं लिफ्टिंग का कार्य करता है। एसईसीएल के अमेरा-विश्रामपुर क्षेत्र से उच्च गुणवत्ता का कोयला ट्रेलरों में लोड कर सिलतरा स्थित गोपाल स्पंज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड भेजा गया था। आरोप है कि रास्ते में पेण्ड्रीडीह के पास आरोपियों ने ट्रेलरों को कोल डिपो ले जाकर उनमें से करीब पांच-पांच टन उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतार दिया और उसकी जगह निम्न गुणवत्ता का कोयला भरकर गंतव्य तक पहुंचा दिया।
शिकायत के आधार पर हिर्री थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही इस मामले में आरोपी नरेश कुमार अग्रवाल, गंगा प्रसाद साहू तथा ट्रेलर चालक फिरोज अंसारी, निसार अंसारी और इमरान अंसारी को 25 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी रिजवान खान की लगातार तलाश की जा रही थी। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और कोयला हेराफेरी से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

