नई दिल्ली,30 जून । भारत के सकल घरेलू उत्पादन (जीडीपी) की वृद्धि दर 2026 में 7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। यह अप्रैल के पहले के अनुमान 6.2 प्रतिशत से अधिक है। यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई। बैंक ऑफ अमेरिका (बोफा) सिक्योरिटीज की रिपोर्ट में कहा गया कि 2027 में भारत की वृद्धि दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। साथ ही कहा कि 2026 की दूसरी छमाही में ब्रेंट क्रूड का दाम औसत 72 डॉलर प्रति बैरल रह सकता है और 2027 में यह 65 डॉलर प्रति बैरल रहने की उम्मीद है। हालांकि, शर्त यह है कि पश्चिम एशिया में शांति बनी रहे। ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस ने 2026 के लिए ग्लोबल ग्रोथ आउटलुक को बढ़ाकर 3.2 प्रतिशत और 2027 के लिए 3.5 प्रतिशत कर दिया है। यह दोनों वर्षों के लिए अप्रैल में जारी किए आउटलुक से 10 आधार अंक अधिक है।
ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस ने रिपोर्ट में कहा, “हम इस साल के लिए ग्लोबल महंगाई दर का अनुमान घटाकर 3 प्रतिशत कर रहे हैं। इसके 2027 में घटकर 2.4 प्रतिशत और 2028 में 2.5 प्रतिशत होने का अनुमान है।”
रिपोर्ट में कहा गया है कि आगे चलकर अमेरिका से पैदा होने वाली सख्त वित्तीय स्थितियों से ग्लोबल इकॉनमी की परीक्षा हो सकती है। इसमें अनुमान लगाया गया है कि 2026 में सितंबर से शुरू होकर फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में 75 आधार अंक की बढ़ोतरी करेगा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

