भोपाल 24 मार्च (आरएनएस)। जिला कोर्ट में पूर्व भाजपा सांसद के बेटे पर हमला हो गया। आरोपी ने उन्हें थप्पड़ मारे और कपड़े खींचे। आरोपी उनका सगा साला है। जज के सामने ही धमकी दी गई और झूमाझटकी में उनकी शर्ट के बटन टूट गए। हमले में आंख के पास चोट आई और खून बहने लगा।
मामला मंगलवार दोपहर का है। वकील अनंत संजर, पूर्व सांसद आलोक संजर के बेटे हैं। वे पारिवारिक विवाद में काउंसलिंग के लिए पत्नी के साथ कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान सगा साला विद्युत भटनागर कोर्ट में ही अभद्रता करने लगा और धमकाया तेरी वकालत बंद कर दूंगा, तुझे बाहर देख लूंगा।
अनंत संजर के मुताबिक, जज के सामने भी आरोपी लगातार बदसलूकी करता रहा। कोर्ट रूम से बाहर निकलते ही उसने झूमाझटकी शुरू कर दी। चेहरे पर नोचने की कोशिश में नाखून लगने से आंख के पास चोट आई और खून निकल आया।
घटना के बाद एडवोकेट अनंत संजर एमपी नगर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपी साले की पत्नी ने पहले से ही उसके खिलाफ दहेज प्रताडऩा (498ए) सहित अन्य मामले दर्ज करा रखे हैं। लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है।
वहीं, पूर्व सांसद आलोक संजर ने कहा कि वे विवाद नहीं चाहते, लेकिन कानून अपना काम करे। घटना के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

