भोपाल 24 मार्च (आरएनएस)। पुराने शहर के इतवारा चौराहे पर मंगलवार को ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के बैनर तले मुस्लिम समाज ने प्रदर्शन कर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और गौ माता के सम्मान में मुस्लिम समाज मैदान में जैसे नारे लगाए गए।
प्रदर्शन के दौरान कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा कि उनके मजहब इस्लाम में गाय का मांस खाना और उसका वध करना हराम माना गया है। उन्होंने कहा, हम गौ रक्षा के पक्षधर हैं। हमारे नबी का फरमान है कि न हम गाय को काट सकते हैं और न ही उसका मांस खा सकते हैं। गाय का दूध और घी हमारे लिए उपयोगी बताया गया है, जिसका हम नियमित इस्तेमाल करते हैं।
उन्होंने देश में गाय और बछड़ों को लेकर बन रहे तनावपूर्ण हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि इस मुद्दे को गलत दिशा में ले जाया जा रहा है। जब हम गाय को माता का दर्जा देते हैं, तो उसे राष्ट्रीय पशु घोषित करने में सरकार को क्या आपत्ति है। खास बात यह है कि मुस्लिम समाज खुद यह मांग कर रहा है, इसलिए इसमें देरी नहीं होनी चाहिए।
शमशुल हसन ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि जल्द से जल्द गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए। उनका कहना था कि ऐसा होने से गायों के वध और इससे जुड़ी अफवाहों व आरोप-प्रत्यारोप पर रोक लगेगी, साथ ही वास्तविक दोषियों की पहचान भी आसान होगी।

