भोपाल 25 मार्च (आरएनएस)। शाहपुरा इलाके में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका साढू गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस ने मौके से कार जब्त की है जबकि चालक की तलाश की जा रही है। हादसा मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात का है। बुधवार दोपहर पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार 45 वर्षीय राजेश कजलीखेड़ा इलाके में रहता था वह मेनिट परिसर के एक छात्रावास में साफ-सफाई का काम करता था। राजेश का भाई जाटखेड़ी इलाके में रहता है। राजेश मंगलवार की रात साढू़ भाई को लेकर अपने भाई के घर आया था। खाना खाने के बाद वे रात करीब 1:30 बजे वापस अपने घर की ओर रवाना हुए थे। वे रोहित नगर की पुलिया के पास पहुंचे थे इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में बुरी तरह से घायल होने पर दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां पर राजेश को मृत घोषित कर दिया गया। टक्कर मारने वाली कार का चालक ही दोनों बाइक सवार युवकों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आया था। अस्पताल में छोडऩे के बाद वह मौके से भाग निकला।

