भोपाल 25 मार्च (आरएनएस)। हनुमानगंज इलाके में बुधवार को नाले से लाश मिली। लाश घोड़ा निक्कास के एक नाले से बरामद की गई है। शव के ऊपर लाल रंग का कपड़ा डला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर बुधवार दोपहर पुलिस ने शव को बरामद कर पीएम के लिए रवाना किया।
पुलिस का कहना है कि बरामद लाश महिला की है, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। बॉडी पर चोटों के निशान भी हैं। टीआई अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 40 साल है।
उसकी शिनाख्ती के प्रयास किए जा रहे हैं। बॉडी की फोटो आस-पास के थानों सहित हनुमानगंज इलाके में मौजूद होटलों और लॉजों के जिम्मेदारों को भेजे हैं। जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।
पास ही रेलवे स्टेशन होने के कारण बड़ी तादाद में बाहरी लोग इलाके के होटल और लॉज में ठहरते हैं। शिनाख्ती के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

