सारंगढ़-बिलाईगढ़ 24 मार्च (आरएनएस) जिले में भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए बड़ी राहत सामने आई है, जहां हजारों हितग्राहियों के खाते में सीधे 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की गई। इस पहल ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा संबल दिया है,दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत जिले में बड़े पैमाने पर आर्थिक सहायता वितरण किया गया। जनपद पंचायत सारंगढ़ के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने चयनित हितग्राहियों को प्रमाण पत्र सौंपे और उनके खातों में 10 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की पुष्टि की है,इस योजना के तहत जिले में कुल 19,233 भूमिहीन कृषि मजदूर लाभान्वित हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्चुअल माध्यम से जुड़े और हितग्राहियों को संबोधित करते हुए योजना के महत्व को बताया,
बरमकेला क्षेत्र में भी इस योजना का व्यापक असर देखने को मिला, जहां 900 हितग्राहियों के खाते में सीधे राशि अंतरित की गई। कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से कुछ हितग्राहियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए, जिससे योजना की पारदर्शिता और प्रभावशीलता स्पष्ट हुई,अधिकारियों के अनुसार, यह योजना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के भूमिहीन मजदूरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से लागू की गई है। इसके तहत हर वर्ष 10 हजार रुपये की सहायता सीधे बैंक खाते में दी जाती है, जिससे मजदूर परिवारों को स्थिर आय का सहारा मिलता है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी ने इस पहल को और प्रभावी बनाया। कलेक्टर ने हितग्राहियों को योजना का सही उपयोग कर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने की अपील की,यह पहल साफ संकेत देती है कि अब सरकार का फोकस सीधे जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने पर है—आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

