जशपुरनगर 27 मार्च (आरएनएस) कुनकुरी क्षेत्र के ग्राम झरियाडिप्पा में क्षतिग्रस्त हुई विद्युत लाइन को बिजली विभाग ने तेजी से सुधारते हुए आपूर्ति पुनः चालू कर दी। समय रहते की गई कार्रवाई से क्षेत्र में बड़ी समस्या टल गई और लोगों को राहत मिली।
=निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा=
जानकारी के अनुसार, 22 मार्च की रात मकान निर्माण के दौरान जेसीबी मशीन से गिट्टी उठाते समय लापरवाही के चलते एक विद्युत खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे बिजली तार जमीन पर गिर गया और क्षेत्र में खतरे की स्थिति बन गई।
=तत्काल पहुंची टीम, सुरक्षा के बाद सुधार कार्य=
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहले बिजली सप्लाई बंद की गई, फिर क्षतिग्रस्त खंभे को हटाकर नया खंभा लगाया गया और लाइन को ठीक कर आपूर्ति बहाल की गई।
=जांच शुरू, कार्रवाई की तैयारी=
विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि निर्माण कार्य के दौरान बिजली लाइनों के पास विशेष सावधानी बरतें।

