रुद्रपुर,27 मार्च (आरएनएस)। निजी स्कूलों द्वारा बस और वैन से लिए जा रहे परिवहन शुल्क में अचानक की गई बढ़ोतरी के विरोध में अभिभावकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सुशील गाबा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अभिभावक एआरटीओ कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए एआरटीओ प्रशासन मोहित कोठारी को ज्ञापन सौंपा। अभिभावकों ने बताया कि 25 मार्च 2026 को आयोजित बैठक के बाद परिवहन शुल्क 2200 रुपये से बढ़ाकर 3700 रुपये मासिक कर दिया गया है, जो सीधे तौर पर अभिभावकों की जेब पर भारी पड़ रहा है। उनका कहना है कि पहले से ही बच्चों की शिक्षा, किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य खर्च काफी अधिक हैं, ऐसे में परिवहन शुल्क में इतनी बड़ी वृद्धि पूरी तरह अनुचित है। प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने कहा कि इस फैसले से मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कई परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई जारी रखना भी मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस निर्णय को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए और परिवहन शुल्क को उचित व न्यायसंगत स्तर पर तय किया जाए। एआरटीओ मोहित कोठारी ने अभिभावकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को शासन स्तर पर भेजा जाएगा और उचित कार्रवाई के लिए प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान जगदीश तनेजा, सुरेश गौरी, जावेद अख्तर, सचिन मुंजाल, सुरेंद्र गाबा, रमेश कालड़ा, मोनू निषाद, हैप्पी रंधावा, सुनील छाबड़ा, कमल पांडे, अशोक कुमार, विक्की कुमार, करण कुमार, सुरेश वाधवा, प्रवीन कुमार सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

