रुद्रपुर,27 मार्च (आरएनएस)। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए 15 दिवसीय विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर 12 मार्च से 26 मार्च 2026 तक चले इस अभियान के दौरान 59 मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि 64 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। अभियान के तहत जिलेभर में सघन चेकिंग और प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शस्त्र बरामद किए। कुल 77 से अधिक हथियारों में 71 तमंचे, 3 पिस्टल, 2 पंप एक्शन गन और 315 बोर की एक बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा 116 जिंदा कारतूस, 4 खोखा कारतूस और 2 मैगजीन भी बरामद की गईं। सोशल मीडिया पर शस्त्र प्रदर्शन के एक मामले में लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस भी जब्त किए गए। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में ट्रांजिट कैंप और रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में सबसे अधिक बरामदगी दर्ज की गई। एसएसपी अजय गणपति ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस अभियान के चलते जिले में फायरिंग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और अपराधियों में भय का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि अवैध शस्त्रों के निर्माण, तस्करी, भंडारण और सार्वजनिक प्रदर्शन के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि इस तरह की किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। अवैध शस्त्र रखना, दिखाना या उपयोग करना दंडनीय अपराध है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

