रुद्रपुर,27 मार्च (आरएनएस)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य शुरू हो गया है। ऊधमसिंह नगर जिले में 27 मार्च से 10 अप्रैल तक बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इस दौरान हाईस्कूल और इंटर की कुल 1,11,016 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच होगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में जनता इंटर कॉलेज रुद्रपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज काशीपुर और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज खटीमा में मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर शिक्षकों की तैनाती की गई है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन सुनिश्चित किया जा सके। आंकड़ों के अनुसार, हाईस्कूल की 88,580 और इंटर की 22,436 कॉपियां जांची जाएंगी। केंद्रवार विवरण में जनता इंटर कॉलेज रुद्रपुर में हाईस्कूल की 47,191 और इंटर की 8,543 कॉपियों का मूल्यांकन होगा। वहीं, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज काशीपुर में हाईस्कूल की 25,652 और इंटर की 9,671 कॉपियां जांची जाएंगी। इसके अलावा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज खटीमा में हाईस्कूल की 15,737 और इंटर की 4,222 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

