ऋषिकेश,27 मार्च (आरएनएस)। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने शुक्रवार को जल संस्थान के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रों में पहुंचकर नियमित निरीक्षण कर लीकेज की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। बैराज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में विधायक ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से आए दिन पेयजल लाइन लीकेज की समस्याएं आती रहती हैं। इस समस्या के चलते हजारों लीटर पेयजल बर्बाद होता है। ऐसे में अधिकारी नियमित निरीक्षण कर लीकेज की समस्या का शीघ्र समाधान करें। उन्होंने कहा कि रायवाला क्षेत्र में पानी के बिलों में अनियमितताओं को लेकर भी शिकायतें आ रही है। क्षेत्र में विशेष कैंप लगाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। अधिशासी अभियंता राजेश नरवाल ने बताया कि 30 मार्च से क्षेत्र में कैंप आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर अपर सहायक अभियंता राहुल बिष्ट, साइट इंजीनियर देवेंद्र नेगी, सागर गिरी, राजेश जुगलान, कुलदीप नेगी, गणेश रावत, सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

