भोपाल 27 मार्च (आरएनएस)। पति-पत्नी ने एक घर में फायरिंग कर दी। घटना शुक्रवार सुबह की है। पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। फायरिंग की घटना के बाद आरोपी पति और पत्नी फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, रेहाना बेगम (50) निवासी कम्मू का बाग, ऐशबाग ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका बड़ा बेटा मो. तारिक अपनी फैमिली के साथ करोंद गया हुआ था, तभी दानिश अली और उसकी पत्नी रिमशा उनके घर के बाहर पहुंचे।
आरोपी दानिश हाथ में पिस्टल लिए था और दोनों पति-पत्नी रेहाना के छोटे बेटे गुराज को गालियां दे रहे थे। शोर सुनकर जब मोहल्ले वाले जमा हुए और रेहाना ने जाली वाले दरवाजे से झांका, तो बदमाशों ने सीधे उन पर फायरिंग कर दी। हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी और लोहे के गेट से टकरा गई। आरोपी ने दो और राउंड फायर किए और फरार हो गया।
जनवरी महीने में ईटखेड़ी थाना क्षेत्र में दानिश और उसकी पत्नी पर हमला हुआ था, जिसमें वे घायल हो गए थे। उस मामले के मुख्य आरोपी फिलहाल जेल में हैं, लेकिन गुराज नामक आरोपी अभी भी फरार है। बताया जा रहा है कि दानिश इसी का बदला लेने की फिराक में था। अपनी साख दोबारा कायम करने और दहशत फैलाने के इरादे से दानिश ने फरार बुरहान के घर को निशाना बनाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

