भोपाल 27 मार्च (आरएनएस)। शुक्रवार दोपहर एम्स के सामने स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय छज्जे के नीचे मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में आठ लोग लहूलुहान हो गए। इन घायलों को तत्काल एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार यह सडाना मेडिकल स्टोर की चार मंजिला इमारत बन रही है। नीचे मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा था। एम्स में आए मरीज और उनके परिजन दवाई लेने के लिए यहां पहुंचे थे, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद एम्स में कुल आठ घायल पहुंचे थे। इनमें से तीन को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि पांच मरीज अभी भी भर्ती हैं।
इनमें 23 साल की नंदिनी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें एम्स भोपाल के ट्रॉमा ब्लॉक के रेड ट्रायज में भर्ती किया गया है। नंदिनी के शरीर पर एंगल लगने से गहरा घाव हुआ है। फिलहाल डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिल्डिंग का कुछ हिस्सा अवैध है और नगर निगम को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।
करीब 35 साल पुराना भवन है। यहां मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा है। इसके ठीक ऊपर 3 मंजिल का और निर्माण चल रहा है। जो सेटिंग, छज्जा गिरा है,वो काफी बाहर निकला हुआ था। यह शेड के ऊपर गिरा है। इससे शेड भी ढह गया।

