लखनऊ ,27 मार्च,(आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा लोकतंत्र में विश्वास नहीं करती बल्कि एकतंत्र की सोच पर काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान नहीं बल्कि मनमाने तरीके से शासन चलाना चाहती है और कम्युनल एजेंडे के तहत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की आर्थिक और विदेश नीति को नुकसान पहुंचाया है, जिससे जनता के बीच उसकी वास्तविकता उजागर हो चुकी है और आने वाले समय में भाजपा के नेता खुद ही हार की ओर बढ़ रहे हैं।एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी, निवेश और एफडीआई में कमी तथा डीजल, पेट्रोल और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की स्थिति खराब कर दी है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि जिन अच्छे दिनों का वादा किया गया था, वे अब गायब हो चुके हैं और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह मजबूत और एकजुट है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी भाजपा का मुकाबला कर रही हैं और समाजवादी पार्टी उनका समर्थन कर रही है। उनका आरोप था कि भाजपा सरकार ने ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग और केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से विपक्षी नेताओं को परेशान किया। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग के माध्यम से अधिकारियों को हटवाने जैसे कदम उठाए गए, जबकि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस तरह की कार्रवाई नहीं की गई थी।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के कागजों की जांच कर वोट कटवाने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के पास ऐसे प्रमाण हैं, जिनसे पता चलता है कि भाजपा से जुड़े लोगों ने फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए फार्म-7 भरवाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के बावजूद चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की और उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में धांधली के आरोपों पर भी कोई कदम नहीं उठाया गया।कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं और महिलाएं व बेटियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के क्षेत्रों में भी दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय डायल-100 और महिला सुरक्षा के लिए 1090 जैसी सेवाएं शुरू की गई थीं, जिन्हें वर्तमान सरकार ने कमजोर कर दिया।उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म के आधार पर राष्ट्रीयता की पहचान करने की कोशिश कर रही है, जबकि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, अगड़े, आदिवासी और आधी आबादी) की अवधारणा को दोहराते हुए कहा कि समाज के पीडि़त, दुखी और अपमानित लोगों को एकजुट कर आगे बढ़ाया जाएगा।उत्तर प्रदेश के विकास का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में एक्सप्रेस-वे निर्माण के नए मानक स्थापित किए गए थे और सबसे कम समय में एक्सप्रेस-वे बनाए गए, जिन पर लड़ाकू विमानों के उतरने की सुविधा भी तैयार की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अपने बजट से उत्तर प्रदेश को अपेक्षित सहयोग नहीं दिया।एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में मोहम्मद आजम खां का स्थान सबसे ऊपर है और उनका सम्मान सर्वोच्च है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी जीत हासिल करेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी विचारधारा बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर, राममनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण और नेताजी मुलायम सिंह यादव की सोच से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य गैरबराबरी को समाप्त करना और किसानों तथा युवाओं को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में नौजवानों को रोजगार और अवसर मिलना चाहिए ताकि देश तरक्की और खुशहाली की दिशा में आगे बढ़ सके।उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने डिजिटल डिवाइड खत्म करने के लिए गांव-गांव तक इंटरनेट पहुंचाने का निर्णय लिया था और छात्रों को लाखों लैपटॉप वितरित किए थे। महिलाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा आधी आबादी के सम्मान और सशक्तिकरण के पक्ष में रही है और आगे भी महिलाओं के लिए आरक्षण और अवसर सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।अंत में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी विकास के पक्ष में हमेशा खड़ी रही है और जब भी प्रदेश में विकास की बात आई, पार्टी ने उसका समर्थन किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पीड़ा और असंतोष बढऩे के साथ पीडीए वर्ग और अधिक एकजुट होगा तथा समाजवादी पार्टी ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

